ग्वालियर / मध्यप्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला लाल टिपारा में गोवर्धन भगवान का भव्य पूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ। गौशाला परिसर में 108 टन गोबर से निर्मित गोवर्धन पर्वत और इस पर गोबर व प्राकृतिक रंगों से निर्मित भगवान श्रीकष्ण की प्रतिमा की वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा अर्चना की गई। इस भव्य पारंपरिक धार्मिक आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित अन्य अतिथिगण एवं बड़ी संख्या में पहुँचे श्रद्धालुओं ने पूजन किया।
इस अवसर पर श्री तोमर ने कहा हमारी भारतीय संस्कृति में त्यौहारों का विशेष महत्व है। हमारी परंपराओं व संस्कृति में प्रकृति के प्रति आदर भाव गहरे तक समाया हुआ है। इसी भाव के साथ हम गोवर्धन एवं गौ पूजन कर समूचे विश्व को प्रकृति, पर्यावरण एवं पशुधन संरक्षण का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव की पहल और सुप्रयासो से समूचे प्रदेश में हर्षोल्लास के साथ गोवर्धन एवं गौ पूजन के आयोजन हो रहे है जिससे हमारी प्राचीन संस्कृति और परम्परा को विश्व व्यापी बनाने में अहम भूमिका का निर्वहन हो रहा है।
गोवर्धन पूजन के बाद सभी अतिथियों ने आरती उतारी। साथ ही ग्वालियर सहित प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर भगवान गोवर्धन को 56 भोग अर्पित किए गए। साथ ही गौमाता को भी 56 भोग की प्रसादी दी गई। गौशाला में आए भक्तों के लिए भण्डारे का आयोजन भी किया गया। स्वच्छ भारत अभियान के तहत इस पूरे आयोजन को जीरो वेस्ट इवेंट के आधार पर आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य यशवंत इंद्रापुरकर ने इस अवसर पर कहा सभी भारतीय पर्व में समाज को संगठित कर बुराइयों का नाश करने का संदेश छुपा होता है। उन्होंने कहा मानव कल्याण एवं देश के उत्थान के समाज को संगठित होकर काम करना होगा।
संत ऋषभ देवानंद जी ने कहा लाल टिपारा गौशाला संस्कार शाला के रूप में भी काम कर रही है। गौशाला से पांच विश्वविद्यालयों ने गौ संरक्षण के संबंध में अनुबंध किया है। गोवर्धन पूजा में ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर विशेष रूप से मौजूद थे उनके अलावा राष्ट्रीय सकृष्णायन गौशाला के संत ऋषभ देवानंद, पीतांबरा पीठ दतिया से आई सुश्री अनुराधा, नगर निगम सभापति मनोज तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री जयप्रकाश राजौरिया, संभाग आयुक्त मनोज खत्री कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, एवं अन्य समाजसेवी व गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
इस अवसर पर आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। सागर से आए बुंदेलखंडी लोक कलाकारों के समूह ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं पर संगीतमय लोक नृत्य प्रस्तुत कर समा बांध दिया । इसी तरह स्थानीय कला समूह के कलाकारों ने “वन मित्र ” नृत्य प्रस्तुत कर सबको मन्त्र मुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी कलाकारों को सम्मानित किया गया।
गौशाला में आए श्रद्धालुओं को स्वच्छ भारत अभियान के तहत जीरो वेस्ट सिद्धांत के आधार पर भोजन कराया गया। भक्तों ने स्टील की थाली एवं गिलास में प्रसादी ग्रहण की। इससे पूरे आयोजन के दौरान जरा भी कचरा नहीं फैला। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप गौशाला में आयोजित भण्डारे में आए भक्तों को बाजरे की खीर परोसी गई, जो सभी के लिए आकर्षण का केन्द्र रही। प्रसादी ग्रहण करने आए श्रद्धालुओं को श्रीअन्न का महत्व भी समझाया गया।
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने भी बुधवार को लाल टिपारा पहुँचकर गौपूजन एवं गोवर्धन पूजा की। उन्होंने सभी को गोवर्धन पूजा की बधाई व शुभकामनायें दीं।
