शहडोल / मध्यप्रदेश के शहडोल में मवेशी चराने गए ग्रामीण युवक पर एकाएक बाघ ने हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया है वन विभाग ने घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फॉरेस्ट विभाग के अनुसार इस क्षेत्र में 7 से 8 बाघ कई दिनों से विचरण कर रहे है।
ब्यौहारी गांव का रहने वाला युवक मोहन सिंह अपने पालतू मवेशियों को चराने के लिए ब्यौहारी फॉरेस्ट रेंज के जंगल में आज सुबह गया था। एकाएक एक वयस्क बाघ ने झाड़ियों से निकलकर इसके एक मवेशी पर हमला बोल दिया और गले से पकड़ कर उसे दबोच लिया यह देखकर मोहन ने अपने जानवर को बचाने के लिए लाठी से बाघ को जब भगाने की कोशिश की तो अचानक बाघ ने मवेशी को छोड़कर उल्टा युवक पर हमला बोल दिया इस बीच युवक की पुकार सुनकर अन्य ग्राणीण जब वहां पहुंचे और शोर मचाया तो बाघ भागकर जंगल में गायब हो गया।
खबर मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद के बाद गंभीर रूप से घायल युवक मोहन सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर फॉरेस्ट रेंजर का कहना है कि ग्रामीण युवक मवेशी चराने गया था तभी बाघ ने हमला किया है इसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया है उन्होंने बताया गांव से लगे जंगली इलाके में फिलहाल 7 से 8 बाघ विचरण कर रहे है जो कभी कभी गांव के नजदीक रिहाईशी क्षेत्र में भी आ जाते है इन बाघों को अभी कॉलर टैग नहीं बंधा है। उन्होंने बताया फॉरेस्ट इस मामले में नियमानुसार कार्यवाही करेगा वहीं वन विभाग ने सभी ग्रामीणों से सावधान रहने और जंगल की ओर न जाने की अपील की है।





