धार / प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आज मध्यप्रदेश को बड़ी सौगात मिली है। धार की धरती पर बनने वाले देश के पहले और सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क से देश की अर्थव्यवस्था को नया आधार मिलेगा। यह पार्क पूरे मध्यप्रदेश के विकास को नई गति देगा और यहां होने वाले निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक नए दौर में प्रवेश करेगी और मध्यप्रदेश विकास की नई इबारत भी लिखेगा। उन्होंने कहा सशक्त और स्वस्थ्य नारी हमारी शक्ति का आधार है। इस अवसर पर उन्होंने सभी से स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए स्वदेशी अपनाने के नारे भी लगवाए।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि कपड़ा उद्योग से ही देश के विकास को नई मजबूती मिलेगी। पीएम मित्र पार्क देश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री में नए ट्रांसफार्मेशन की राह खोलेगा। उन्होंने कहा कि हम देश में 7 पीएम मित्र पार्क स्थापित करने जा रहे हैं और इनके जरिए हम भारत को विश्व का टेक्सटाईल-हब बनाएंगे। इन पीएम मित्र पार्कों में बुना जाने वाला धागा, सिर्फ किसानों का ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास का नया ताना-बाना बुनेगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को धार जिले के भैंसोला गांव में देश के पहले पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया साथ ही राष्ट्रीय ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ महाअभियान, आठवें ‘राष्ट्रीय पोषण माह’, ‘आदि सेवा पर्व’ का शुभारंभ कर ‘सुमन सखी चैटवॉट’ को लाँच किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना’ योजना के तहत देशभर की 15 लाख से अधिक महिला हितग्राहियों को 450 करोड़ रूपए से अधिक की प्रसूति सहायता राशि सिंगल क्लिक के जरिए उनके खाते में अंतरित की। पीएम ने ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की दीदी श्रीमती लक्ष्मी डोडियार को अमरूद का पौधा भेंट किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत सुश्री आराधना कलमी को 1 करोड़वां सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग कार्ड प्रदान किया। उन्होंने बताया स्वस्थ नारी सशक्त परिवार महाअभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में 1 लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल भी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि विकसित भारत सिर्फ हमारा संकल्प नहीं है, बल्कि यह भारत के सुनहरे भविष्य के निर्माण का यज्ञ है। यह यज्ञ तभी पूर्ण होगा जब इसमें सबकी आहुति और सबका योगदान शामिल होगा। उन्होंने कहा कि सबके साथ से हम सबके विकास के लिए संकल्पित हैं। पिछले 11 वर्ष जनकल्याण को समर्पित रहे। गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही मेरी इष्ट-पूजा और मेरा प्रण है। हमारे समर्पित प्रयासों से पिछले 11 साल में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी के जीवन से बाहर आए हैं, जिससे पूरे समाज को एक नया आत्मविश्वास मिला है, यही हमारा ईनाम भी है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने मध्यप्रदेश सरकार की प्रगतिशीलता और अवसर का भरपूर लाभ उठाने की उदात्त मंशा की सराहना करते हुए कहा कि धार का यह पीएम मित्र पार्क आने वाले समय में दूसरे राज्यों के लिए एक नज़ीर बनेगा।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हमें अपने जीवन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ाना चाहिए। इसी से हमारे किसानों, काश्तकारों और श्रमिकों के जीवन में समृद्धि आयेगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी को ही आजादी का हथियार बनाया था। अब हमें इसे विकसित भारत का आधार बनाना है। इसलिए हम छोटी-बड़ी जो भी चीजें खरीदें, सबसे पहले देखें कि क्या यह देश में बनी है या नहीं। देश का पैसा देश में रहेगा, तो विकास को नई गति मिलेगी। यही पैसा देश के विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं में काम आता है। देश के मध्यम वर्ग के सपनों को पूरा करने के लिए बहुत धन की जरूरत है। स्वदेशी से पैदा होने वाले रोजगार का लाभ युवाओं को मिलेगा। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से पूरे देश में जीएसटी की नई दरें लागू होने जा रही हैं। राज्य सरकारें इसके लिए स्वदेशी जागरण अभियान चलाएं जिससे नागरिक स्वदेशी वस्तुएं खरीदकर इसका भरपूर लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और व्यापारी मिलकर सुनिश्चित करें कि पर्वों के दौरान हर दुकान पर इस आशय का बोर्ड लगा होना चाहिए कि ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’। उन्होंने कहा कि हम सभी स्वदेशी वस्तुओं पर गर्व करें।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि महेश्वरी साड़ी मध्यप्रदेश की पहचान रही है। धार में पीएम मित्र पार्क के माध्यम से हम देवी अहिल्याबाई नारी सशक्तिकरण मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। मप्र में उच्च कोटि का कपास उपलब्ध है। पीएम मित्र पार्क से कपड़ा उद्योग की वैल्यू चैन इसी जगह उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल सेक्टर में धार पूरे देश में चमकने वाला है। फाइव-एफ विजन – ‘फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन से फॉरेन’ पर काम जारी है। प्रधानमंत्री ने हर्ष जताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश के पीएम मित्र पार्क की 80 प्रतिशत जमीन निवेशक कम्पनियों को आवंटित की जा चुकी है। इस पार्क के निर्माण से मध्यप्रदेश में 3 लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक आसान होगी। इससे हमारे प्रोडक्ट सस्ते बनेंगे और किसानों और कारीगरों को अधिक लाभ मिलेगा।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज हम 140 करोड़ लोगों ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इसके चार प्रमुख स्तंभ है। गरीब, किसान, नारी और युवा। आज इन चारों स्तंभों को नई मजबूती देने का काम हुआ है। इस आयोजन में नारी शक्ति का बहुत ध्यान रखा गया है। धार से यह कार्यक्रम देशभर की माताओं के लिए हो रहा है। यहां से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महा-अभियान का शुभारंभ हुआ है। आज मध्यप्रदेश की भूमि से देशभर में ‘आदि सेवा पर्व’ शुरू हो रहा है, जो जनजातीय वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेगा। आज विश्वकर्मा जयंती पर देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास हुआ है। इससे क्षेत्रीय किसानों को उनकी कपास सहित अन्य उपजों का सही मूल्य मिलेगा। युवाओं को भरपूर रोजगार मिलेगा। प्रदेश के औद्योगिक अभियान को गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमारी नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है। घर में मां ठीक रहे, तो पूरा घर ठीक रहता है। मां बीमार हो जाए, तो पूरे परिवार की व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। इसीलिए ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान माताओं बहनों के उज्ज्वल भविष्य को समर्पित है। हमारी कोशिश है कि एक भी महिला गंभीर बीमारी का शिकार न हो। कई बीमारियों की जांच नहीं होने पर जान का खतरा हो जाता है और इन्हें शुरुआती दौर में पहचानना जरूरी है। इस अभियान में स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीपी, शुगर, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच की जाएगी। माताओं-बहनों ने मुझे बहुत कुछ दिया है, माताओं-बहनों से अपील करते हुए उन्होंने कहा , वे बिना किसी संकोच के इन स्वास्थ्य शिविरों में जांच जरूर कराएं। इन सभी शिविरों में महंगी से महंगी जांच मुफ्त होगी और दवाइयां भी मुफ्त मिलेंगी। उन्होंने कहा कि नारियों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है। आने वाले समय में आयुष्मान कार्ड का सुरक्षा कवच बड़े काम आएगा। यह अभियान 2 अक्टूबर विजय दशमी तक निरंतर चलेगा। माताएं-बहनें थोड़ा समय अपने स्वास्थ्य के लिए भी निकालें। अभियान में लाखों कैंप लगेंगे। आज से ही बड़ी संख्या में जांच शुरू हो गई हैं। कोई मां-बेटी जांच से छूट न जाए, हम सभी को यह संकल्प लेना होगा।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि माताएं-बहनें हमारी प्राथमिकता हैं। गर्भवती महिलाओं के लिए आज आठवें राष्ट्रीय पोषण माह की भी शुरुआत हो रही है। विकसित होते भारत में हमें मातृ और शिशु मृत्युदर कम करना है। हमने ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना’ योजना शुरू की। अब तक 4.5 करोड़ से अधिक गर्भवती माताओं को योजना का लाभ मिल चुका है। अब तक 19 हजार करोड़ रूपए से अधिक की धनराशि हितग्राही माताओं के बैंक खाते में पहुंच चुकी है।
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमारी सरकार माताओं-बहनों को आर्थिक रूप से समृद्ध कर रही है। मुद्रा योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार 3 करोड़ बहनों को लखपति दीदी बनाने के अभियान में जुटी है। अब तक करीब 2 करोड़ बहनें लखपति बन चुकी हैं। महिलाओं को बैंक सखी और ड्रोन दीदी के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ रहे हैं। स्व-सहायता समूहों से बहनें समृद्ध हुई हैं। देश का गरीब गरीबी से निकलकर आगे बढ़ेगा, तो देश आगे बढ़ेगा,गरीब की सेवा ही मेरे जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना और माताओं-बहनों को सुरक्षित करना ही मेरी सरकार की प्राथमिकता है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश के पहले पीएम मित्र पार्क की नींव मध्यप्रदेश में रखी है। पीएम मित्र पार्क से प्रदेश के मालवा-निमाड़ अंचल में किसानों की परंपरागत फसल कपास को प्रोत्साहन मिलेगा। कपास से धागा, धागे से कपड़ा और कपड़े के निर्यात से मध्यप्रदेश वस्त्रोद्योग का वैश्विक केन्द्र बनेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी अपना जन्मदिवस मध्यप्रदेश के जनजातीय अंचल में मना रहे हैं और कई सौगातें लेकर आए हैं। श्री मोदी ने गरीब अंचल के लिए समय निकाला, यह उनके प्रेम की अभिव्यक्ति है। राजा भोज के संस्कारों से समृद्ध ऐतिहासिक नगरी धार प्रधानमंत्री श्री मोदी के आगमन से हर्षित हो उठी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री श्री मोदी को उनके जन्मदिवस की कोटि-कोटि शुभकामनाएँ दीं और उनके दीर्घायु, निरोग रहें, और उनकी यश और कीर्ति बढ़ती रहे, यही कामना है।
पीएम मित्र पार्क के मॉडल और स्वास्थ्य शिविर का अवलोकन करने के साथ कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शित धार के पीएम मित्र पार्क का मॉडल देखा।
प्रधानमंत्री का राज्यपाल श्री पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. यादव, केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने स्वागत कर स्मृति-चिन्ह भेंट किये। प्रधानमंत्री को जनजातीय परम्परानुसार तीर-कमान भेंट किया और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।





