-
नारी का अपमान करने वाले कमलनाथ पर चुनाव आयोग का फैसला सही कहा बीजेपी अध्यक्ष ने…
ग्वालियर – बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ को स्टार प्रचारकों की सूची से हटाने जाने को सही ठहराया हैं उन्होंने कहा कि एक दलित महिला के लिए उन्होंने जो अपशब्द कहे थे, क्या उसके लिए वे माफी नहीं मांग सकते थे? उन्हें सुप्रीम कोर्ट ने, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आगाह किया था और माफी मांगने के लिए कहा था, लेकिन कमलनाथ उस समय भी गुरूर में थे और आज भी हैं। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा चुनाव आयोग एक निष्पक्ष संवैधानिक संस्था है और कमलनाथ के संबंध में आयोग ने जो कदम उठाया है, वह दलित अस्मिता और नारी सम्मान के हक में है।
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि अब जनता 3 नवम्बर को कमलनाथ का गुरूर उतारेगी। प्रदेश ही नहीं पूरे, देश की नारी शक्ति कांग्रेस को इस अपमान का जवाब देगी।
श्री शर्मा ने कहा कि चुनाव आयोग ने दलित अस्मिता को बचाने के लिए जो निर्णय लिया है, उस पर भी कमलनाथ ने कहा है कि मेरी आवाज बंद करने का काम किया जा रहा है। श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ की आवाज तो खुली है, उस पर कोई रोक नहीं है। लेकिन आवाज को दबाने और लेखनी को कुंद करने का इतिहास तो कांग्रेस का रहा है।
अपने खिलाफ उठ रही आवाज को खामोश करने और लेखनी को रोकने के लिए इंदिरा गांधी ने देश में इमरजेंसी लगाई थी और उनके खिलाफ बोलने या लिखने वालों को 19-19 महीनों के लिए जेल में डाल दिया गया। श्री शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र के इस दमन के काम में जो मंडली इंदिरा गांधी के साथ काम कर रही थी, उसके रणनीतिकार कमलनाथ ही थे। इसलिए कमलनाथ को एक संवैधानिक संस्था पर प्रश्न खड़ा करने का कोई अधिकार ही नहीं है।
श्री शर्मा ने कहा कि अगर चुनाव आयोग ने कोई निर्देश दिया है, तो उसके आदेशों का पालन सभी को करना चाहिए। लेकिन कमलनाथ ने केंद्रीय चुनाव आयोग के आदेश पर प्रश्न खड़ा किया, सीईओ को पत्र लिखा और प्रदेश के अधिकारियों व कर्मचारियों तक को बेईमान बता दिया। श्री शर्मा ने कहा कि चाहे सुप्रीम कोर्ट हो या चुनाव आयोग, कोई भी संवैधानिक संस्था जब कुछ कहती है, तो उस पर प्रश्न खड़े करना कमलनाथ की आदत है। उन्हें किसी भी संवैधानिक संस्था पर विश्वास नहीं है वह तो अपने आप को मर्यादा पुरूषोत्तम समझ रहे हैं।
श्री शर्मा ने कहा कि कमलनाथ तो बाबा साहब अंबेडकर के संविधान को भी दरकिनार करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इस देश में दलितों की अस्मिता के सम्मान से लेकर बाबा साहब के विचारों पर काम करने का प्रयास केवल भारतीय जनता पार्टी ने किया है
श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए काम किया है। इसके चलते उसे मुरैना एवं ग्वालियर के ग्रामीण अंचलों में जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। इसे देखते हुए यह कहा जा सकता है कि इस उपचुनाव में सभी 28 सीटों पर भाजपा प्रचंड मतों से जीत हासिल करेगी।





