भोपाल/ मध्यप्रदेश में अपनी सत्ता खोने से घबराई भाजपा एग्जिट पोल की आड़ में न केवल कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ताओं और प्रदेश की करोड़ों जनता का मनोबल तोड़ने का दुष्कृत्य कर रही है बल्कि प्रदेश में चुनाव कार्य में लगे सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को भी इसी आड़ में गुमराह कर उन पर भी दबाव बनाने की भी साजिश कर रही है।
प्रदेश प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ने बताया कि पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इस संबंध में कांग्रेस के सभी पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, मोर्चा संगठनों के प्रमुख और प्रकोष्ठ के पदाधिकारीयों को आव्हान किया है कि कुछ एग्जिट पोल जानबूझकर इसलिए बनाए गए हैं ताकि कांग्रेस कार्यकर्ता निराश हों और झूठा माहौल दिखाकर अधिकारियों पर दबाव बनाया जाए। उन्होने कहा है कि हम सब जीत के लिए तैयार और एकजुट हैं। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में आ जाएं। भाजपा चुनाव हार चुकी है और उसका कोई भी षड्यंत्र अब कामयाब होने वाला नहीं है।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ संदीप सबलोक ने भाजपा पर मतगणना के दौरान वाद विवाद कर गड़बड़ी फैलाने की साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि कुछ एक अपवादों को छोड़कर प्रदेश की सरकारी मशीनरी के रूप में अधिकारी और कर्मचारियों ने लोकतंत्र का सम्मान रखते हुए बेहद ईमानदारी, निडरता, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ मतदान कार्य को संपन्न कराया है। लेकिन अपनी सुनिश्चित हार से डरी हुई भाजपा मतगणना कार्य में लगे अमले के साथ विभिन्न तरह से वाद विवाद खड़े कर गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश में जुट गई है। ऐसे में निष्पक्ष रूप से मतगणना कार्य कराने वाले सभी स्तरों के निडर सरकारी अधिकारी व कर्मचारी वर्ग को सकारात्मक सहयोग देने के लिए प्रदेश का एक-एक कांग्रेस कार्यकर्ता उनके साथ खड़ा रहेगा।