close
दिल्लीदेश

14 जनवरी से राहुल गांधी की “भारत न्याय यात्रा” मणिपुर से होगी शुरू, 20 मार्च को मुंबई में समापन, 6200 किमी की यात्रा 14 राज्यों से गुजरेगी

Rahul and Priyanka Gandhi
Rahul and Priyanka Gandhi

नई दिल्ली/ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में 14 जनवरी 2024 से “भारत न्याय यात्रा” मणिपुर से शुरू हो रही है जो 67 दिन बाद 20 मार्च को मुंबई पहुंचेगी जहां इस यात्रा का समापन होगा इस दौरान यह 6,200 किलोमीटर की ‘भारत न्याय यात्रा’ 14 राज्यों के 85 जिलों से होकर गुजरेगी । पूर्व से पश्चिम तक निकलने वाली यह ‘भारत न्याय यात्रा’ देश के लोगों को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय दिलाने के लिए होगी।

यह जानकारी कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस संचार विभाग के प्रभारी महासचिव जयराम रमेश ने बुद्धवार को नई दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मीडिया को दी।  यात्रा के बारे में जानकारी देते हुए केसी वेणुगोपाल ने बताया कि 21 दिसंबर को कांग्रेस कार्यसमिति ने राय दी थी कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक यात्रा शुरू करनी चाहिए। राहुल गांधी भी कांग्रेस कार्य समिति की इच्छा पूरी करने के लिए सहमत हो गए हैं। इसलिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से महाराष्ट्र तक भारत न्याय यात्रा आयोजित करने का निर्णय लिया है। 14 जनवरी को मणिपुर राज्य के इंफाल से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भारत न्याय यात्रा को हरी झंडी दिखाकर इसका शुभारंभ करेंगे।

कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने कहा कि पहले चरण में राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक 12 राज्यों में लगभग 4,500 किलोमीटर की यात्रा की थी, इस बार वह 14 राज्यों को कवर करते हुए 6,200 किलोमीटर की यात्रा करेंगे। भारत न्याय यात्रा मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, उड़ीसा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी।

वहीं जयराम रमेश ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने तीन मुद्दे उठाए थे, जिनमें आर्थिक विषमता, सामाजिक ध्रुवीकरण और राजनीतिक तानाशाही शामिल थे। लेकिन “भारत न्याय यात्रा” का मुद्दा आर्थिक न्याय, सामाजिक न्याय और राजनीतिक न्याय है। भारत न्याय यात्रा ज्यादातर बस यात्रा रहेगी, पर रोजाना पदयात्रा भी होगी।

कांग्रेस की नागपुर में होने वाली “हैं तैयार हम” महारैली के बारे में जानकारी देते हुए जयराम रमेश ने मीडिया को बताया कि कांग्रेस के स्थापना दिवस के मौके पर कल, 28 दिसंबर को नागपुर में महारैली होगी। इस महारैली से 2024 लोकसभा चुनाव का शंखनाद होगा।

यदि इस “भारत न्याय यात्रा” को राजनीतिक चश्में से देखा जाए तो कांग्रेस नेता राहुल गांधी 67 दिन में जिन 14 राज्यों से होकर गुजरेंगे वहां कुल 355 लोकसभा की सीटें है उसमें चार राज्य उत्तर प्रदेश मध्यप्रदेश राजस्थान और महाराष्ट्र ज्यादा महत्वपूर्ण है जैसा कि लगभग 5 महिने बाद लोकसभा चुनाव होना है इस यात्रा का मतदाताओं पर भविष्य में क्या कोई प्रभाव पड़ेगा यह देखना होगा।

Alkendra Sahay

The author Alkendra Sahay

A Senior Reporter

Leave a Response

error: Content is protected !!