चुरू/ राजस्थान के चुरू में भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट जगुआर क्रेश हो गया। इस हादसे में प्लेन के पायलट और को- पायलट दोनों शहीद हो गए है। जिस जगह यह विमान क्रेश हुआ वहां आसपास प्लेन का मलबा बिखरा मिला है। यह हादसा आज बुधवार को दोपहर 12 बजकर 40 मिनट पर हुआ। भारतीय वायुसेना ने इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वारी का गठन किया है।
चुरू के पुलिस अधीक्षक जय यादव ने बताया कि, राजलदेसर थाना क्षेत्र के गांव भाड़ूंदा में यह प्लेन क्रेश हुआ है जिसमें विमान में सवार दो लोगों की मौत हो गई है विमान के जले हुए मलबे के पास शवों के बुरी हालत में क्षत विक्षत टुकड़े पड़े हुए मिले है।
बताया जाता है किसी तकनीकी खामी के कारण दोनों पायलट विमान से इजेक्ट (बाहर नहीं निकल सके) नहीं कर सके। खास बात है कि पिछले 5 महीनों में देश के अलग अलग हिस्सों में 3 जगुआर फाइटर जेट क्रेश होकर दुर्घटना ग्रस्त हो चुके है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया आज दोपहर के वक्त पहले आकाश में तेज गड़गड़ाहट की आवाज आई उसके तुरंत बाद तेज धमाका हुआ और जब पास से देखा तो हादसे वाली जगह जोरदार आग फैली हुई थी उन्होंने प्रशासन को तुरंत इसकी जानकारी दी।
सेना के सूत्रों के अनुसार यह जगुआर फाइटर जेट श्रीगंगानगर के पास स्थित सूरतगढ़ एयरबेस से उड़ा था यह जेट टू सीटर था जिसका ट्रेनिंग के लिए उपयोग होता है। जानकारी मिली है कि इस घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वारी गठित कर दी है।




