-
शादी के बाद ससुराल जा रही दुल्हन ने चंबल नदी में लगाई छलांग
-
सोता रह गया दूल्हा चंबल नदी के पाली पुल की घटना
-
दुल्हन को तलाशने मेंं जुटी राजस्थान मध्यप्रदेश की पुलिस
श्योपुर – शादी के बाद विदा होकर ससुराल जा रही दुल्हन ने अचानक जीप से उतरकर चंबल नदी में छलांग दी। दुल्हन के साथ जीप में दूल्हा भी सवार था। मगर दूल्हे की जब तक नींद खुली,जब तक दुल्हन नदी में कूद गई। यह घटना रविवार की सुबह ,तड़के राजस्थान और मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित चंबल नदी के पाली पुल की है।
घटना की जानकारी मिलने पर राजस्थान की खंडार थाना पुलिस और मध्यप्रदेश की सामरसा चौकी पुलिस ने नाव के जरिए दुल्हन की चंबल नदी में तलाश शुरू कर दी है। लेकिन दुल्हन का पता नहीं चला है। घटना स्थल राजस्थान सीमा में है। इसलिए खंडार थाना पुलिस इसकी जांच कर रही है।
दांतरदा क्षेत्र के ग्राम साडा का पाड़ा निवासी दीपक माली की बारात शनिवार को राजस्थान के खंडार थाना क्षेत्र के गांव अल्लापुर-बहरांवड़ा गई थी। जहां उसकी शादी अल्लापुर निवासी अंजू माली के साथ हुई। शादी होने के बाद रविवार सुबह वधू पक्ष के लोगो ने दूल्हा-दुल्हन सहित बारात को विदा कर दिया।
विदा होकर दूल्हा-दुल्हन जिस जीप में सवार होकर आ रहे थे उसमें दूल्हा के साथ उंसके माता पिता भी सवार थे,जो रातभर जागने के कारण सो रहे थे। जीप के पाली पुल पर चढऩे के बाद दुल्हन ने ड्रायवर से कहा कि गाड़ी रोको,मुझे उल्टी आ रही है। पहले तो ड्रायवर ने इस बात को अनसुना कर दिया।मगर दुल्हन ने फिर से जोर देकर गाड़ी रोकने की कहा तो उसने गाड़ी रोक दी। इसके बाद दुल्हन ने गाड़ी से नीचे उतरकर पुल की रैलिंग से चंबल नदी में छलांग लगा दी।
दुल्हन को नदी में कूदने के लिए रैलिंग पर चढ़ता देखकर घबराए ड्रायवर ने जीप में सो रहे दूल्हे को तत्काल जगा दिया। इसके बाद दूल्हा भी जीप से उतरकर दुल्हन को बचाने के लिए दौड़ पड़ा। मगर तब तक दुल्हन ने नदी में छलांग लगा दी थी।
बारात में शामिल लोगो की माने तो शनिवार की रात को दोनो की शादी हंसी-खुशी के माहौल में हुई। शादी के मंडप में बैठने से पहले दूल्हा-दुल्हन ने एक साथ डांस भी किया। ऐसे में शादी के बाद दुल्हन द्वारा उठाए कदम से सभी लोग हैरत में पड़ गए। यहां बता दें कि अंजू के पिता जयपुर में गार्ड की नौकरी करते है। अंजू का ज्यादातर समय जयपुर में ही बीता है। तीन माह पहले ही उसकी दीपक के साथ उसकी शादी तय हुई थी।